UPSC/UPPSC/UPSSSC

बीईओ भर्ती से खत्म होगा समकक्षता का विवाद


नियमावली की शैक्षिक योग्यता से हटाएंगे ‘समकक्षता’ शब्द

समकक्षता स्पष्ट न होने के कारण कई बार हो चुका है विवाद

134 पदों पर भर्ती की जाएगी मंजूरी मिलने पर

योग्यता में स्नातक-बीएड या इसके समकक्ष का है उल्लेख

प्रयागराज, बेसिक शिक्षा विभाग की खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) भर्ती से समकक्षता का विवाद खत्म होगा। नियमावली में किसी विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष योग्यता के साथ बीएड अर्हता अनिवार्य है।

समकक्षता के नाम पर ऐसे अभ्यर्थी भी आवेदन कर देते थे जो भर्ती के योग्य नहीं थे और बाद में मुकदमेबाजी होती थी। इस समस्या से बचने के लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से शासन को नियमावली संशोधन का प्रस्ताव भेजा गया है। संशोधित नियमावली में ‘समकक्षता’ शब्द हटाया जा रहा है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी के 134 रिक्त पदों पर भर्ती शुरू होगी। शिक्षा निदेशालय की ओर से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को रिक्त पदों की सूचना भी भेजी जा चुकी है। इससे पहले आयोग ने 2019 में खंड शिक्षा अधिकारी के 309 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। उसके बाद से छह साल में भर्ती नहीं आई है।

एलटी-प्रवक्ता से हट चुका है ‘समकक्ष’ शब्द

प्रयागराज। समकक्षता के नाम पर होने वाले विवाद से बचने के लिए ही राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक) और प्रवक्ता भर्ती से पहले नियमावली संशोधित करते हुए समकक्ष शब्द हटाया जा चुका है।

आश्वासनः निदेशालय में बैठेंगे अफसर

प्रयागराज। शिक्षा निदेशालय मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल और अधिकारियों के बीच बुधवार दोपहर बाद वार्ता हुई। अपर निदेशक माध्यमिक सुरेन्द्र कुमार तिवारी, अपर निदेशक राजकीय अजय कुमार द्विवेदी, उपनिदेशक संस्कृतरामाज्ञा कुमार, सहायक निदेशक (सेवा-एक) दीपिका चतुर्वेदी, सहायक निदेशक (पीडब्ल्यूडी) और अजय सिंह, सहायक निदेशक (विज्ञान) अनुराग श्रीवास्तव की मौजूदगी में कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के शिक्षा निदेशालय से लगातार अनुपस्थित रहने का मुद्दा उठाया। इस पर दोनों अपर निदेशकों ने स्वयं और अधीनस्थ अधिकारियों के नियमित निदेशालय में बैठने का आश्वासन दिया। शिक्षा निदेशालय से संबद्ध शिक्षकों राकेश पांडेय, प्रवीण कुमार और प्रियंका पांडेय का संबद्धीकरण समाप्त करने की मांग मान ली गई। इसके अलावा अन्य मांगों पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया। वार्ता में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष घनश्याम यादव और मंत्री सुरेन्द्र कुमार सिंह मौजूद रहे।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button