UP Weather: यूपी के 58 जिलों में बारिश, बिजली गिरने का भी अलर्ट, भीषण तपिश से मिलेगी राहत
UP Weather: यूपी के 58 जिलों में बारिश, बिजली गिरने का भी अलर्ट, भीषण तपिश से मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश के अधिसंख्य जिलों को झुलसाने वाली भीषण गर्मी का तेवर पुरवा ने नरम कर दिया। साथ ही बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिणी तीन जिलों में हल्की राहत की फुहारें पड़ीं। पश्चिम के आधा दर्जन से अधिक जिलों में बूंदाबांदी हुई।
वहीं, बांदा मंगलवार को भी तपा। अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 58 जिलों के लिए गरज चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही 31 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की हवा चलने की चेतावनी भी दी है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के बाद अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात (आकाशीय बिजली गिरने) की प्रबल संभावना है। प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। बीते 24 घंटों में झांसी (6.9 मिमी), पाली-ललितपुर (3 मिमी) और हमीरपुर (1 मिमी) में बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा आगरा, अलीगढ़, औरैया, फिरोजाबाद, मथुरा, महोबा और झांसी के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी (ट्रेस) हुई है।
तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी सहित कुल 33 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना
इन जिलों के साथ ही लखनऊ, कानपुर नगर, आगरा, बरेली, मुरादाबाद और अलीगढ़ सहित प्रदेश के एक बड़े हिस्से में गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म बांदा
प्रदेश भर मे तापमान में प्रभावी गिरावट के बावजूद 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा लगातार दूसरे दिन प्रदेश के साथ पूरे देश में सबसे गर्म जिला रहा। साथ ही अप्रैल माह में ऐसा छठी बार हुआ है। आईएमडी लखनऊ के अनुसार 27 अप्रैल को 47.6 डिग्री के साथ बांदा पूरे विश्व में सबसे गर्म जिला रहा। शीर्ष 10 शहरों की सूची में बांदा के अलावा देश के छह जिले शामिल रहे। इनमें अम्रावती, वर्धा, बाड़मेर, जैसलमेर, अकोला, खजुराहो शामिल हैं।