Site icon बेसिक शिक्षा विभाग समाचार

मौसम का मिजाज : मार्च में गर्मी के मई जैसे हाल, अभी गर्मी और करेगी बेहाल


लखनऊ:-मार्च में ही गर्मी मई और जून का अहसास करा रही है। मार्च के दूसरे सप्ताह से ही राजधानी का अधिकतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। पिछले पांच वर्षों में मार्च इतना गर्म नहीं रहा। सोमवार को अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। पिछले दस वर्षों में ऐसा तीसरी बार हुआ है कि मार्च में इतनी गर्मी पड़ी है। मौसम विभाग की मानें तो इस साल गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। अगले छह दिन तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जतायी गयी है। लखनऊ मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। दोनों तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अमूमन इन दिनों में अधिकतम 33 और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस रहता था। पर इस बार गर्मी कुछ ज्यादा ही है।

2017 में पारा पहुंचा था 41 डिग्री सेल्सियस के पार

पांच वर्ष पहले यानी 30 मार्च 2017 को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद साल 2021 की होली यानी 29 मार्च को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। यह भी संभावना है कि पारा 2017 का रिकार्ड भी तोड़ दे।

रात के तापमान में भी हुई बढ़ोतरी

रात का तापमान भी निरंतर बढ़ रहा है। इस समय न्यूनतम तापमान सामान्यत: 16-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। पर सोमवार को यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक ( 22.1) रिकार्ड किया गया।

अब गर्मी और बढ़ेगी

मौसम विभाग लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अमूमन मार्च में एक-दो पश्चिमी विक्षोभ तैयार हो जाते हैं। जिससे मौसम में बदलाव होता था। इससे तापमान भी कम रहता था। इस बार मार्च में एक भी पश्चिमी विक्षोभ तैयार नहीं हुआ और न ही अगले एक सप्ताह में संभावना है। ऐसे में गर्मी बढ़ने की संभावना है।

अगले छह दिन का संभावित तापमान

दिनांक-न्यूनतम-अधिकतम

22 मार्च 21 40

23 मार्च 23 40

24 मार्च 22 39

25 मार्च 22 40

26 मार्च 22 40

27 मार्च 22 40


Exit mobile version