यूपी में हर बच्चे की शैक्षिक प्रगति की डिजिटल ट्रैकिंग से होगी निगरानी, पोर्टल पर 3.44 करोड़ छात्रों का डाटा अपडेट
यूपी में हर बच्चे की शैक्षिक प्रगति की डिजिटल ट्रैकिंग से होगी निगरानी, पोर्टल पर 3.44 करोड़ छात्रों का डाटा अपडेट
लखनऊ। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा के 4.24 करोड़ से अधिक छात्रों की पढ़ाई और शैक्षिक प्रगति को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ा जा रहा है। यू-डायस पोर्टल के जरिये छात्रों की पूरी शैक्षिक यात्रा की ऑनलाइन ट्रैकिंग कर रही है।
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए चल रहे छात्र प्रोग्रेशन अभियान में अब तक 3.44 करोड़ से अधिक छात्रों का डाटा अपडेट किया जा चुका है। बेसिक शिक्षा स्तर पर 90 प्रतिशत से अधिक छात्रों का रिकार्ड डिजिटल रूप से अपडेट हो चुका है।
छात्रों की उपस्थिति, नामांकन, शैक्षिक स्थिति और योजनाओं का लाभ आनलाइन रिकार्ड किया जा रहा है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ सही बच्चों तक तेजी से पहुंच सकेगा। यू-डायस 2025-26 की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनआइसी, नई दिल्ली ने छात्र प्रोग्रेशन लिंक सक्रिय किया था।
इसके बाद शासन स्तर पर लगातार निगरानी करते हुए अभियान को मिशन मोड में चलाया जा रहा है। 18 मई तक की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के करीब 4.24 करोड़ छात्रों में से 3.44 करोड़ से अधिक छात्रों का प्रोग्रेशन और अपडेटेशन पूरा हो चुका है।
बेसिक शिक्षा में लगभग 1,80,17,000 छात्रों का डाटा अपडेट किया जा चुका है, जबकि माध्यमिक शिक्षा स्तर पर भी काम तेजी से चल रहा है। सरकार ने प्री-प्राइमरी और कक्षा-एक में नए नामांकन अभियान को भी तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा व्यवस्था से बाहर न रहे।