नगर सीमा में आने वाले विद्यालयों के शिक्षकों का बदलेगा संवर्ग Cadre of teachers


नगर सीमा में आने वाले विद्यालयों के शिक्षकों का बदलेगा संवर्ग

देवरिया, निज संवाददाता। जिले के नगरीय सीमा में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों का अब संवर्ग बदल जाएगा। संवर्ग बदलने के लिए इन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों से बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने सहमति पत्र मांगा है, जिसमें अधिकांश शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय को अपना सहमति पत्र उपलब्ध भी करा दिया है।


जिले के चार विकास खण्डों के 36 परिषदीय विद्यालय अब नगरीय क्षेत्र में शामिल हो चुके हैं। इन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों से सहमति पत्र लेकर उन्हे नगरीय क्षेत्र के अध्यापक संवर्ग में शामिल किया जाएगा। जो शिक्षक या शिक्षिका ग्रामीण क्षेत्र से नगरीय क्षेत्र में समायोजित होंगे, उनकी वरिष्ठता नगरीय संवर्ग के शिक्षकों की सूची में सबसे नीचे मानी जाएगी।

नगरीय संवर्ग में शामिल होने वाले शिक्षकों को एक शपथपत्र देना होगा, इसमें यह उल्लेख होगा कि शिक्षक या शिक्षिका स्वेच्छा से ग्रामीण संवर्ग से नगरीय संवर्ग में जा रहे हैं और वे जानते हैं कि उनकी वरिष्ठता सूची में स्थान नीचे होगा। नगरीय संवर्ग में शिक्षकों को शामिल करने के लिए शिक्षकों से सहमति पत्र मांगा गया है, जिसमें अधिकांश शिक्षकों ने अपना सहमति पत्र उपलब्ध भी करा दिया है। नगरीय क्षेत्र में आने वाले विद्यालयों में सदर विकास खण्ड के 22, रामपुर कारखाना के 3, बैतालपुर के 5 एवं बरहज के 6 विद्यालय शामिल हैं। सदर विकास खण्ड के 22 विद्यालय नगर में हुए हैं शामिल देवरिया सदर विकास खण्ड के 22 परिषदीय विद्यालयों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किया गया है। इनमें प्राथमिक विद्यालय पिपरपातीं, खरजरवां, बभनी- 2, अमेठी, कतरारी- 1, सकरापार, कतरारी- 2, भदवारा, धनौती मिश्र, गोबराई खास, दानोपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कतरारी व सकरापार, कम्पोजिट विद्यालय पिड़रा, पगरा, सोंदा, रघवापुर, देवपुर, तिलई बेलवां, बड़हरा, मुड़ाडीह एवं कठिनईया शामिल हैं।

ग्रामीण से नगरीय क्षेत्र में आने वाले विद्यालयों के शिक्षकों का संवर्ग बदलने के लिए उनसे एफिडेविड मांगा गया है। जो शिक्षक एफिडेविड उपलब्ध कराएंगे उन्हे वरिष्ठता नगरीय संवर्ग के शिक्षकों की सूची में सबसे नीचे रखा जाएगा। जबकि जो शिक्षक उपलब्ध नहीं कराएंगे, उन्हे आने वाले दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा सकता है। देवमुनि वर्मा, बीईओ,देवरिया सदर


Exit mobile version