बेसिक शिक्षा व माध्यमिक शिक्षा विभाग

UP में आज से स्वगणना शुरू, घर बैठे भरें जनगणना फार्म; देने होंगे 33 सवालों के जवाब


UP में आज से स्वगणना शुरू, घर बैठे भरें जनगणना फार्म; देने होंगे 33 सवालों के जवाब

गोरखपुर। जनगणना-2027 के तहत गुरुवार से स्वगणना शुरू होगी। 21 मई तक 15 दिनों में मोबाइल या लैपटाप से जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर लागिन कर जिले का कोई भी व्यक्ति खुद अपने घर व परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

इसके बाद 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकानों की गिनती, सुविधाओं का सर्वे और आनलाइन भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।


जनगणना के नोडल अधिकारी व एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीत सिंह के मुताबिक जिले में कुल करीब 12 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, प्रगणक हर घर पहुंचकर मकान की स्थिति, दीवार-छत-फर्श, कमरों की संख्या, पानी, शौचालय, रसोई, एलपीजी, बिजली, मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, कंप्यूटर, साइकिल, बाइक या कार जैसी 33 बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे।

नोडल अधिकारी ने बताया कि यदि किसी ने 7 से 21 मई के बीच खुद आनलाइन फार्म भरा है तो उसे प्रगणक को सिर्फ अपनी आपकी 12 अंकों की एन्यूमनरेशन आइडेंटिटी (एसई आइडी) बतानी होगी। इससे प्रगणक के एप पर पूरी जानकारी डाउनलोड हो जाएगी और उसे सिर्फ पुष्टि करनी होगी। इससे संबंधित व्यक्ति और प्रगणक दोनों का समय बचेगा।

उन्होंने बताया कि किन्हीं वजहों से यदि कोई स्वगणना नहीं कर पाता है तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। स्वगणना वैकल्पिक है, लेकिन प्रगणक हर हाल में घर पहुंचेंगे, जो जरूरी जानकारी जुटाएंगे। यदि मोबाइल, लैपटाप या इंटरनेट नहीं है तो जनसेवा केंद्र से भी स्वगणना के सवालों के जवाब दिए जा सकते हैं।

ऐसे करें स्टेप बाय स्टेप स्वगणना

  • पोर्टल खोलें: मोबाइल या लैपटाप के ब्राउजर में se.census.gov.in टाइप करें।
  • राज्य चुनें: होमपेज पर ‘उत्तर प्रदेश’ सेलेक्ट करें और कैप्चा भरें।
  • रजिस्ट्रेशन: ‘रजिस्टर’ पर क्लिक कर घर के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर डालें। एक मोबाइल नंबर से सिर्फ एक ही घर रजिस्टर होगा।
  • भाषा चुनें: 16 भाषाओं में से हिन्दी या अपनी सुविधाजनक भाषा चुनें।
  • ओटीपी वेरिफाई करें: मोबाइल पर आए ओटीपी को डालकर वेरिफिकेशन पूरा करें। इसके बाद 33 सवालों वाला फार्म खुलेगा।
  • पता भरें: जिला ‘गोरखपुर’, शहर/गांव, पिन कोड और पूरा पता डालें। गूगल मैप पर दिख रहे लाल मार्कर को अपने घर की सटीक लोकेशन पर सेट करें।
  • 33 सवालों के जवाब दें: मकान किस चीज से बना है, खुद का है या किराए का, कमरे कितने हैं, पानी-शौचालय-बिजली-रसोई गैस की सुविधा, मोबाइल-टीवी-वाहन आदि की जानकारी भरें। कोई चीज समझ न आए तो नोट्स और टूलटिप्स की मदद लें।
  • जांचें और सबमिट करें: पूरा डाटा चेक करें। मुखिया का नाम बाद में नहीं बदलेगा, इसलिए ध्यान से भरें। फिर ‘सबमिट’ करें।
  • एसई आइडी सेव करें: सबमिट होते ही स्क्रीन पर 12 अंकों की एसई आइडी दिखेगी। इसका स्क्रीनशाट ले लें। यह आइडी एसएमएस और ईमेल पर भी आएगी।
  • प्रगणक को बताएं: 22 मई के बाद जब प्रगणक घर आए तो उसे यही एसई आइडी बता दें। तभी आपकी गणना पूरी मानी जाएगी।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button