यूपी में बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 5वीं से 8वीं तक के लिए तैयार होगा नया सिलेबस


यूपी में बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 5वीं से 8वीं तक के लिए तैयार होगा नया सिलेबस

लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बनाने की दिशा में बदलाव किया जा रहा है। अभी पहली से चौथी कक्षा तक बच्चों को एनसीईआरटी आधारित पुस्तकें पढ़ाई जा रही हैं, जबकि पांचवीं से आठवीं तक के लिए भी नए पाठ्यक्रम और किताबें तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।


राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) इसकी तैयारी में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार नई पुस्तकों का आधार एनसीईआरटी पाठ्यक्रम होगा, लेकिन इसमें करीब 15 प्रतिशत सामग्री प्रदेश की स्थानीय जरूरतों, संस्कृति, लोकज्ञान, क्षेत्रीय उदाहरणों और राज्य की शैक्षिक प्राथमिकताओं के अनुसार जोड़ी जाएगी।

इससे बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा के साथ स्थानीय परिवेश की समझ भी मिल सकेगी। एससीईआरटी का प्रयास है कि अगले शैक्षणिक से पांचवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएं। इसके लिए लेखन, संपादन और पाठ्य सामग्री के अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।

इसके साथ ही नई शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। गणित, विज्ञान और अन्य विषयों के लिए डिजिटल कंटेंट तैयार किया जा रहा है। इसके तहत वीडियो लेक्चर, गतिविधि आधारित सामग्री और आसान व्याख्यात्मक कंटेंट विकसित किए जा रहे हैं।

वीडियो निर्माण के बाद उनकी एडिटिंग का काम भी शुरू हो चुका है। डिजिटल सामग्री तैयार करने के लिए प्रदेशभर के शिक्षकों से आवेदन मांगे गए थे। चयनित शिक्षक विषय विशेषज्ञों के साथ मिलकर बच्चों के लिए सरल, रोचक और गतिविधि आधारित अध्ययन सामग्री तैयार कर रहे हैं।

एससीईआरटी के निदेशक गणेश कुमार का कहना है कि इससे विद्यालयों के बच्चों की पढ़ाई अधिक आधुनिक, इंटरैक्टिव और गुणवत्तापूर्ण बन सकेगी।


Exit mobile version