यूपी में फ्री सिविल सर्विस की तैयारी के लिए 18 मई से शुरू होगा आवेदन, समाज कल्याण विभाग ने जारी किया शेड्यूल


यूपी में फ्री सिविल सर्विस की तैयारी के लिए 18 मई से शुरू होगा आवेदन, समाज कल्याण विभाग ने जारी किया शेड्यूल

लखनऊ। आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी युवाओं को प्रशासनिक सेवा की परीक्षा की तैयारी के लिए समाज कल्याण विभाग प्रोत्साहित करता रहा है। विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश में संचालित आठ आवासीय निश्शुल्क आईएएस-पीसीएस परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों में प्रवेश के लिए सम्मिलित प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है।

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन 18 मई से 18 जून 2026 तक विभागीय वेबसाइटपर किए जा सकेंगे। प्रवेश पत्र 25 जून से डाउनलोड होंगे, जबकि सम्मिलित प्रवेश परीक्षा पांच जुलाई को होगी। परीक्षा परिणाम 28 जुलाई तक घोषित होगा।


वहीं नया शैक्षणिक सत्र एक अगस्त 2026 से शुरू किया जाएगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी एवं जिनके परिवार की वार्षिक आय छह लाख रुपये या उससे कम है, वो आवेदन कर सकते हैं।

समाज कल्याण की प्रवेश परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को विषय विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन मिलेगा। उन्हें निश्शुल्क आवासीय सुविधा, भोजन, पुस्तकालय, आनलाइन और आफलाइन कक्षाएं, टेस्ट सीरीज और मुख्य परीक्षा के साथ ही इंटरव्यू के लिए विशेष सत्र की सुविधाएं दी जाएगी। हाल ही में घोषित परीक्षा में 44 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।


Exit mobile version