लंबित मामलों पर शिक्षा निदेशक सख्त, अफसरों से मांगी आख्या
प्रयागराज। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद लंबे समय से लंबित पड़े मामलों को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय सक्रिय हो गया है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) ने ऐसे करीब नौ मामलों में संबंधित अधिकारियों से तीन दिन के भीतर विस्तृत आख्या तलब की है।
निदेशालय के सूत्रों के अनुसार, कई प्रकरण ऐसे हैं जिनमें न्यायालय के निर्देश के बाद भी समय पर जवाब दाखिल नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि निदेशालय स्तर पर फाइलों के लंबित रहने और लिपिकीय स्तर पर टालमटोल के कारण कोर्ट में
समय से आख्या नहीं भेजी गई। इनमें कुशीनगर, अंबेडकरनगर, बलिया और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों के प्रकरण शामिल हैं।
सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि न्यायालय में समय पर जवाब दाखिल किया जा सके। वहीं, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि जिन मामलों में जानकारी मांगी गई थी, उनकी आख्या तैयार कर निदेशक माध्यमिक शिक्षा को भेज दी गई है।