8वें वेतन आयोग को लेकर आया बड़ा अपडेट, कमीशन ने इस तारीख तक बढ़ाई डेडलाइन
8वें वेतन आयोग को लेकर आया बड़ा अपडेट, कमीशन ने इस तारीख तक बढ़ाई डेडलाइन
8th Pay Commission news: 8वां वेतन आयोग लगने का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ा अपडेट है। 8वें वेतन आयोग ने मेमोरेंडम जमा करने की आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 मई 2026 तक कर दी है।
नेशनल काउंसिल-ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) (स्टाफ साइड) ने मेमोरेंडम जमा करने की तारीख बढ़ाने की मांग की थी। मेमोरेंडम सबमिट करने की आखिरी तारीख पहले 30 अप्रैल 2026 थी। हालांकि, पे कमीशन ने मेमोरेंडम की फिजिकल कॉपीज के साथ PDF और MS Word कॉपीज ऑनलाइन जमा करने के आग्रह को नहीं माना। यानी, कमीशन केवल एक स्पेसिफाइड लिंक के जरिए जमा किए गए ऑनलाइन सबमिशंस को स्वीकार करेगा, जबकि सभी फिजिकल कॉपीज, पीडीएफ और ई-मेल्स को रिजेक्ट कर देगा। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है।
वेतन आयोग ने अपनी वेबसाइट पर कही यह बात
8वें वेतन आयोग ने अपनी वेबसाइट पर पोस्ट किए गए मेसेज में कहा है, ‘रिस्पॉन्स जमा करने की आखिरी तारीख रविवार 31 मई 2026 है। सारे सबमिशंस केवल स्पेसिफाइड लिंक के जरिए किए जाने चाहिए। पेपर बेस्ड मेमोरेंडम/हार्ड कॉपीज/पीडीएफ/मेमोरेंडम के ई-मेल्स पर कमीशन विचार नहीं करेगा।’ नेशनल काउंसिल-ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने मंगलवार 28 अप्रैल 2026 को हुई बैठक में 8वें वेतन आयोग की चेयरपर्सन से मेमोरेंडम सबमिशन की तारीख 30 अप्रैल 2026 से बढ़ाकर 31 मई 2026 करने का आग्रह किया था।
पुरानी पेंशन स्कीम के वापसी की मांग
नेशनल काउंसिल-ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) लंबे समय से नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को खत्म करने और ओल्ड पेंशन स्कीम (पुरानी पेंशन योजना या OPS) को बहाल करने की मांग कर रहा है। मंगलवार को हुई मीटिंग में भी उसने अपनी इस मांग को दोहराया है। NC-JCM ने पिछले दिनों 8वें वेतन आयोग को सबमिट किए गए अपने फाइनल मेमोरेंडम में 69000 रुपये न्यूनतम वेतन, 3.83 के फिटमेंट फैक्टर, 6 पर्सेंट सालाना इंक्रीमेंट और पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग की है। NC-JCM की डिमांड है कि सभी बेनेफिट्स 1 जनवरी 2026 से लागू किए जाएं। ड्यूटी के समय दुर्घटना में अगर किसी कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है तो 2 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। NC-JCM की डिमांड है कि पेंशन, अंतिम वेतन निकासी का 67 पर्सेंट होना चाहिए। साथ ही, फैमिली पेंशन 50 पर्सेंट होना चाहिए।
NC-JCM के फाइनल मेमोरेंडम में और क्या डिमांड
NC-JCM के फाइनल मेमोरेंडम में ग्रुप सी के लिए 1 करोड़ रुपये और ग्रुप बी के लिए 1.5 करोड़ रुपये के ग्रुप इंश्योरेंस की डिमांड की गई है। पुरुष कर्मचारियों के लिए 45 दिन की पैटरनिटी लीव और पूरे सेवा काल में 60 दिन की पैरेंट केयर लीव की डिमांड की गई है। सिविलियन एंप्लॉयीज के लिए भी वन रैंक, वन पेंशन की मांग की गई है।