बच्चों को मोबाइल से पढ़ाई कराने पर महिला आयोग सख्त, यूपी के सभी डीएम को लिखा लेटर
बच्चों को मोबाइल से पढ़ाई कराने पर महिला आयोग सख्त, यूपी के सभी डीएम को लिखा लेटर
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की ओर से गुरुवार को सभी जिलों के डीएम को पत्र लिख कर प्राथमिक कक्षाओं में तत्काल मोबाइल फोन से पढ़ाई कराने जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गाजियाबाद में तीन बहनों के कोरियन लव गेम के चक्कर में आत्महत्या किए जाने के बाद मोबाइल की लत छुड़ाने के लिए यह आदेश जारी किया गया है।
उप्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान का कहना है कि विद्यार्थी मोबाइल के लती बन रहे हैं। प्राथमिक स्तर की कक्षाओं में पढ़ाई के लिए मोबाइल का उपयोग करने वाले बच्चे अनजान में कई खतरनाक मोबाइल गेम खेलने लगते हैं। ऐसे में मोबाइल के प्रति उनकी आसक्ति न बढ़े इसके लिए समय रहते ठोस उपाय किया जाना जरूरी है। शिक्षा के नाम पर लापरवाही न की जाए। डिजिटल अनुशासन अब अनिवार्य किया जाए। खासकर बालिकाओं की सुरक्षा के लिए यह बहुत जरूरी है।

UP RAJYA MAHILA AYOG
आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान का कहना है कि गाजियाबाद में तीन बहनों के आत्महत्या किए जाने के मामले में प्रथम दृष्टया मोबाइल गेम खेलने का मामला सामने आया है। कोरोना काल में स्कूलों में मोबाइल पर ऑनलाइन पढ़ाई अपरिहार्य कारणों से शुरू की गई थी। अब बहुत से विद्यालय अभी भी ऑनलाइन पढ़ाई पर जोर दे रहे हैं। जिससे प्राथमिक स्तर की कक्षाओं के छात्रों में मोबाइल फोन का प्रयोग करने की लत बढ़ रही है। जिसे छुड़ाने के लिए मोबाइल फोन से पढ़ाई पर रोक लगाना जरूरी है।