एआई कैमरे व बायोमीट्रिक सिस्टम से होगी परीक्षा केंद्रों की कड़ी निगरानी, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम स्थापित UTTAR PRADESH SHIKSHA SEVA CHAYAN AAYOG
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित परीक्षाओं की एआई कैमरे और बायोमीट्रिक सिस्टम से सख्त निगरानी होगी। आयोग के कार्यालय में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने मंगलवार को इसकी शुरुआत की।उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से आगामी परीक्षाओं के सभी केंद्रों के हर कक्ष और उपस्थित अभ्यर्थियों की निगरानी अत्याधुनिक एआई कैमरों से की जाएगी। इसके साथ ही केंद्रों एवं उनके आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।कंट्रोल रूम से अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति एवं सत्यापन की प्रक्रिया का सीधा प्रसारण एवं रिकॉर्ड आयोग कार्यालय में उपलब्ध रहेगा। इससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में नियंत्रण कक्ष से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। इस अवसर पर कार्यदायी संस्था के प्रबंध निदेशक, आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।