शिक्षक ने डूब रहे छात्रों को बचाया

शिक्षक ने डूब रहे छात्रों को बचाया
■ साहसिक कार्य के लिए सतपाल सिंह को सम्मानित किया जाएगा
■ पलभर की देर होती, तो छात्रों के साथ अनहोनी हो सकती थी
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ा रहे शिक्षक सतपाल सिंह ने नहर में डूब रहे दो बच्चों की जिंदगी बचाकर नया जीवनदान दिया है। उनके इस साहसिक कार्य के लिए नगर निगम प्रशासन सम्मानित करेगा।
सतपाल सिंह नरेला जोन के होलंबी कला में मेट्रो विहार पॉकेट-बी के निगम प्राथमिक स्कूल में प्राथमिक शिक्षक हैं। शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे वह स्कूल से अपने निवास स्थान हरियाणा के खेड़ी दमकन गांव में घर लौट रहे थे। नाहरा नाहरी पुल पर नहर पर उन्होंने लोगों की भीड़ देखी। दो बच्चे नहर के बहाव के साथ डूब रहे थे। मौके पर मौजूद लोग बचाओ बचाओ चिल्ला रहे थे। शिक्षक सतपाल ने बताया कि लोगों को अपनी कार की चाबी देकर मैं नहर में कूद गया। इसके बाद दोनों बच्चों को बचाकर नहर किनारे लेकर आया। दोनों बच्चों की उम्र 12 से 13 वर्ष है। पलभर की देर होती, तो बच्चों के साथ अनहोनी हो सकती थी। इस संबंध में नरेला जोन के उपायुक्त पवन यादव ने बताया कि शिक्षक सतपाल सिंह को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, उनके इस साहसिक कार्य के लिए उन्हें और भी सम्मान प्रदान करने के लिए राज्य सरकार और विभागों को भी सूचना भेजेंगे। निगम के शिक्षक संगठन, शिक्षक न्याय मंच के अध्यक्ष कुलदीप सिंह खतरी ने कहा कि सतपाल सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना साहस का परिचय दिया। उन्होंने शिक्षक समाज का गौरव बढ़ाया है।