293 से ज्यादा शिक्षकों का समायोजन, संघ ने जताई आपत्ति
बेसिक के स्कूलों में तैनात 293 से ज्यादा शिक्षकों का समायोजन उन स्कूलों में हुआ है जो एकल शिक्षक या शिक्षक विहीन थे। अब ज्यादातर स्कूलों में दो-दो शिक्षक तैनात होंगे। शासन ने शिक्षकों के समायोजन को लेकर आदेश जारी किया था, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने समायोजन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
शीतावकाश में ही शिक्षकों को नए स्कूल में ज्वाइन करना होगा। जिससे स्कूल खुलने पर शिक्षण कार्य शुरू होगा। वहीं शिक्षक संघ ने समायोजन पर सवाल उठाए हैं। शासनादेश जारी किया गया कि जिन स्कूलों में दो से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं उन स्कूलों से शिक्षकों का समायोजन उन स्कूलों में करने का आदेश दिया गया जो शिक्षक विहीन या एकल हैं।
विभाग ने नियमानुसार यह प्रक्रिया पूरी करते हुए करीब 293 शिक्षकों का समायोजन किया है। बताया जाता है कि समायोजन आदेश डिजिटल साइन से जारी हो गए हैं। शिक्षक स्कूल में समायोजन के बारे में जानकारी करते रहे। उनको बताया गया कि यू-डायस पोर्टल खोलकर समायोजन की जानकारी ली जा सकती है। कई शिक्षकों का कहना था कि उन्होंने स्कूल में बेहतर काम किया है, पुरस्कार भी मिले हैं अब उनका समायोजन दूसरे स्कूलों में किया जा रहा है। शिक्षक संघ ने बीएसए को ज्ञापन सौंपकर समायोजन पर सवाल उठाए हैं। संघ का कहना है कि सरप्लस शिक्षकों, रिक्त पदों की सूची सार्वजनिक नहीं की गई। सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को भी सरप्लस सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा छात्र संख्या में अंतर और कंपोजिट विद्यालयों में इकाई निर्धारण पर भी सवाल उठाए हैं।