आयकर विभाग को छापों में 50 करोड़ से अधिक टैक्स चोरी के मिले सुराग

आयकर विभाग को छापों में 50 करोड़ से अधिक टैक्स चोरी के मिले सुराग
लखनऊ। आयकर विभाग की जांच इकाई को टैक्स प्रैक्टिशनर के ठिकानों पर छापे में 50 करोड़ रुपये से अधिक टैक्स चोरी अंजाम देने के पुख्ता सुराग मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक बीते दो वर्ष का रिटर्न गलत भरने वालों से ब्याज के साथ वसूली होगी, जबकि दो वर्ष से अधिक अवधि वालों से ब्याज और 50 फीसदी जुर्माना लिया जाएगा। इसे जमा करने में हीलाहवाली करने वालों पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
बता दें, आयकर विभाग की टीमों ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मल्हौर निवासी टैक्स प्रैक्टिशनर प्रदीप गुप्ता और गोंडा के अरविंद कुमार पांडेय के ठिकानों पर छापा मारा था। प्रदीप पर सुरक्षा बलों जैसे सशस्त्र सीमा बल, सीआरपीएफ, दिल्ली पुलिस, वायुसेना के करीब 5 हजार कर्मियों के बोगस आयकर रिफंड जमा करने का आरोप है। अरविंद के ठिकानों से 7000 शिक्षकों और सरकारी कर्मियों के बोगस रिफंड के दस्तावेज मिले हैं। इस फर्जीवाड़े में कुछ चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकीलों की संलिप्तता के सुराग भी मिले हैं।