नई नियुक्तियां होने तक सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवाएं ली जाएं : सीएम योगी

219 प्रधानाचार्यों को बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- स्कूलों को बनाएं नवाचार का केंद्र

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन में राजकीय इंटर कॉलेजों के लिए नव चयनित 219 प्रधानाचार्यों के लिए नियुक्ति पत्र बांटे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नए शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने तक निश्चित मानदेय पर सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवाएं ली जाएं। साथ ही प्रधानाचार्यों का आहवान किया कि वे विद्यालयों को रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनाएं। परिसर में ही अतिरिक्त समय में प्रतियोगी परीक्षाओं के हिसाब से गाइड किया जाए।

सीएम योगी ने मिशन रोजगार के अंतर्गत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित सभी प्रधानाचार्यों को नवाचार के लिए प्रेरित किया माध्यमिक विद्यालयों में कौशल विकास के पाठ्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में माध्यमिक शिक्षा के कॉलेज नकल के अड्डे बन गए थे। पिछले छह वर्षों में इसमें सुधार हुआ है। गत वर्ष माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा देश में एक नजीर बनी परिषद ने 15 दिन के अंदर 56 लाख विद्यार्थियों की नकल विहीन परीक्षा कराई और 15 दिन में ही परिणाम भी दे दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य शिक्षण संस्थान की रीढ़ होते हैं। प्रधानाचार्यों को विद्यालयों को रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनाकर अभिभावकों से संवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विगत छह वर्ष में 1,64,000 शिक्षकों की नियुक्ति हुई है।

अमेठी में खेल प्रतियोगिता समारोह को किया संबोधित

अमेठी। शुक्रवार को गौरीगंज क्षेत्र के कौहार मैदान में सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज देश व प्रदेश वैश्विक स्तर पर सभी क्षेत्रों में पहचान बना रहा है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 80,000 युवक मंगल और महिला मंगल दलों को खेलकूद किट प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश में 500 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं।

सीएम करेंगे मिशन शक्ति के चौथे चरण का शुभारंभ

लखनऊ। शारदीय नवरात्र से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह अपने आवास से मिशन शक्ति के चौथे चरण का आगाज करेंगे। वे महिला सशक्तिकरण रैली का फ्लैग ऑफ करेंगे, जो राजधानी के प्रमुख चौराहों से होते हुए 1,090 चौराहे पर समाप्त होगी। तत्पश्चात लोकभवन में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद तीन महिला विभूतियों संग 25 अन्य महिलाओं को सम्मानित करेंगे।


Leave a Reply