यूपी के इन दो जिलों में स्कूलों की छुट्टी, एक में आठवीं तो दूसरे जिले में 12वीं तक स्कूल बंद
यूपी के दो जिलों में स्कूलों की छुट्टी, एक में आठवीं तो दूसरे जिले में 12वीं तक स्कूल बंद
यूपी में कई जिलों में शीतलहर चल रही है। पिछले एक सप्ताह से कड़ाके की सर्दी और कोहरे का प्रकोप जारी है। दो दिन पहले ही मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी कर चुका है। कड़ाके की ठंड के चलते 20 दिसंबर तक 15 जिलों में स्कूलों की छुट्टी बोली गई थी।
अब दो जिलों के डीएम ने इस छुट्टी को बढ़ा दिया है। एक जिले में दो दिन और दूसरे में तीन की छुट्टी बोली गई है।
अंबेडकर नगर जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद में संचालित सभी बोर्ड के कक्षा एक 12 के विद्यालयों को 24 दिसम्बर तक बंद रखने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 10 एवं 12 में प्रायोगिक परीक्षायें अपने पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित होती रहेंगी। वहीं विद्यालय के समस्त शिक्षक कर्मचारी समय से विद्यालय में उपस्थित रहेंगें एवं विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में अपना सहयोग प्रदान करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने सभी विद्यालयों से आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने के लिए कहा है। वहीं दूसरी ओर मेरठ में डीएम ने आठवीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। डीएम के आदेश के अनुसार इंटर तक के स्कूलों को 23 तक बंद रखा जाएगा। इसके अलावा कई जिलों में स्कूलों के समय को बदल दिया गया।
बरेली और कानपुर में स्कूलों का समय बदला
बरेली डीएम के निर्देश पर जिले में अत्यधिक ठंड एवं घने कोहरे को देखते हुए बीएसए डॉ. विनीता ने कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों का समय परिवर्तन किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भी मौसम की गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए और पाठ्यक्रम पूर्ण कराने और परीक्षाओं के कारण अब इन विद्यालयों का संचालन अग्रिम आदेशों तक परिवर्तित समय पर किया जाएगा। आदेश के अनुसार सभी संबंधित विद्यालय प्रातः 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। बीएसए ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह कानपुर में भी डीएम ने नर्सरी से इंटर तक के स्कूलों का समय बदल दिया है। यहां 10 बजे से तीन बजे तक स्कूल खोले जाएंगे।
पहले इन 15 जिलों में बंद किए थे स्कूल
सर्दी को देखते हुए पहले 15 जिलों में डीएम ने छुट्टी की घोषणा की थी। इनमें संभल, कानपुर, कानपुर देहात, उरई, हरदोई, औरैया, अंबेडकरनगर, रामपुर, बरेली, गोंडा, शाहजहांपुर, पीलीभीत, जौनपुर, कासगंज और बदायूं शामिल हैं। इन सभी जिलों के डीएम ने 20 दिसंबर तक की छुट्टी की घोषणा की थी। इनमें कुछ जिलों में आठ तक और कुछ में 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया था। यहां फिलहाल सोमवार को स्कूल खोले जा सकते हैं।