श्रावस्ती:-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को श्रावस्ती में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत की और बच्चों को खुद भोजन परोस कर खिलाया। इस दौरान उनके साथ बेसिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह भी मौजूद थे।योगी ने अभियान की शुरुआत करते हुए सभी शिक्षकों और प्रधानाचार्यों से आह्वान किया कि घर-घर जाकर दस्तक दीजिए और पूछिए कोई बच्चा स्कूल जाने से वंचित तो नहीं रह गया है। बच्चों का स्कूलों में रजिस्ट्रेशन करवाएं, उन्हें यूनिफॉर्म, किताबें और बैग दें। अगर उन्हें सारी सुविधाएं मिल जाएंगी तो बच्चे दौड़कर स्कूल पहुंचेंगे और हमारा अभियान भी पटरी पर आ जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान एक बड़ा अभियान है। शिक्षा हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कोरोना संक्रमण के काल में भी आनलाइन शिक्षा को बढ़ावा दिया गया। शिक्षा प्राप्त होने से व्यक्ति सक्षम होगा और फिर सक्षम समाज और राष्ट्र का निर्माण होगा। अपने संबोधन के बाद उन्होंने बच्चों को खुद परोसकर भोजन कराया।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बच्चों को स्कूल में पौष्टिक भोजन मिले इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बच्चों को भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद नवरात्र व्रत हैं। वह पूरे नवरात्र व्रत रहते हैं। हालांकि, इस दौरान किसी भी समय राजकाज में बाधा नहीं आने देते हैं।


Leave a Reply