यूपी समेत कई राज्यों में 30 तक भारी बारिश का अलर्ट

यूपी समेत कई राज्यों में 30 तक भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली, मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को अलर्ट जारी कर 30 जून तक यूपी समेत पश्चिमी, मध्य, पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कई राज्यों में भारी मानसूनी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुजरात के सूरत में लगातार बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में भयंकर जलभराव की स्थिति है। सड़कें नालों में बदल गई हैं। निचले इलाके जलमग्न हो गए, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने सूरत में स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का दौर जारी है।गोदावरी नदी के उफान पर होने के कारण नासिक के कुछ हिस्से जलमग्न हो गए। बचाव दल को हाईअलर्ट पर रहने आदेश दिया गया है। तटीय केरल में भी बारिश हुई। 25 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
उमस भरी गर्मी ने किया बेहाल, 28 से बारिश के आसार
कानपुर। कानपुर में फिलहाल मानसून पर ब्रेक लग गया है। अब 36 घंटे बाद बारिश के आसार हैं। बुधवार को भी लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। शहर में हीट इंडेक्स 62 पहुंच गया जो रेड अलर्ट की श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के अनुसार कानपुर में शनिवार को बारिश की संभावना है। दूसरे स्पेल में पश्चिमी राज्यों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और न्यूनतम 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।