यूपी के ग्राम पंचायतों में इस माह तक खुलेंगी डिजिटल लाइब्रेरी, युवा करेंगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी Digital Library


यूपी के ग्राम पंचायतों में इस माह तक खुलेंगी डिजिटल लाइब्रेरी, युवा करेंगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

लखनऊ। प्रदेश की सभी डिजिटल ग्राम पंचायतों में 30 जनवरी तक अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी शुरू कर दी जाएंगी। इसके बाद सिविल सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा, बल्कि गांव में ही कोचिंग और अध्ययन केंद्र जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

पंचायतीराज विभाग की ओर से ग्राम पंचायत सचिवालयों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। 26 जनवरी तक सभी लाइब्रेरी के लिए आधुनिक फर्नीचर की खरीद पूरी कर ली जाएगी, जबकि 30 जनवरी तक आइटी उपकरणों की व्यवस्था भी पूरी हो जाएगी।

इन लाइब्रेरी में इंटरनेट, एलईडी स्क्रीन, सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर सिस्टम, आधुनिक फर्नीचर के साथ-साथ किताबें और डिजिटल कंटेंट उपलब्ध रहेगा।

पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी में ई-बुक्स, वीडियो और आडियो लेक्चर, क्विज और लाखों डिजिटल शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।


इससे ग्रामीण युवा अपने गांव में रहकर ही उच्च स्तरीय तैयारी कर सकेंगे। हर ग्राम पंचायत में बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी पर करीब चार लाख रुपये खर्च होंगे।

इसमें दो लाख रुपये की पुस्तकें, 1.30 लाख रुपये के आइटी उपकरण और 70 हजार रुपये का फर्नीचर शामिल है। लाइब्रेरी का प्रबंधन ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव करेंगे, जबकि सहायक अधिकारी नियमित निगरानी करेंगे।


Exit mobile version