दुःखद: स्कूल का लोहे का जर्जर गेट गिरा, बालक की दबकर मौत
संभल: नेहटा गांव में प्राथमिक विद्यालय का लोहे का जर्जर गेट गिर गया। इसमें दबकर 10 वर्षीय पिंटू की मौत हो गई। वह दो साथियों के साथ गेट पर झूल रहा था। गेट जर्जर होने के बावजूद स्कूल में अध्ययनरत बच्चों के आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई।

प्राथमिक विद्यालय का कुछ दिनों पहले डीएम डा. राजेंद्र पैसिया ने निरीक्षण किया था। जर्जर चाहरदीवारी के सहारे लोहे का गेट भी लटका था। डीएम ने चाहरदीवारी की मरम्मत और गेट ठीक कराने का निर्देश दिया। वर्तमान में मरम्मत कार्य चल रहा है। गुरुवार तीसरे पहर बब्लू का बेटा पिंटू दो बच्चों के साथ खेल रहा था। अंदर स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। तीनों बच्चे स्कूल में नहीं पढ़ते हैं। तीनों गेट से झूलने लगे। गेट गिरा तो पिंटू दब गया। वह बेहोश हो गया।
स्कूल स्टाफ उसे चंदौसी में निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद रेफर कर दिया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बताया जाता है कि बब्लू के परिवार के ही लोग निर्माण कार्य करा रहे हैं।