जनगणना 2027: विद्यार्थियों को स्कूल में मिलेगा होमवर्क, घर जाकर माता-पिता से भरवाएं स्वगणना का फार्म
गाजियाबाद। केंद्र सरकार के निर्देश पर जनगणना के पहले चरण की शुरुआत हो गई है। बृहस्पतिवार से स्वगणना के फार्म भरे जा रहे हैं, जिले में अधिक से अधिक लोग स्वगणना का फार्म भरने के लिए जागरूक हो सकें, इसके लिए स्कूलों में विद्यार्थियों को घर जाकर माता-पिता से स्वगणना का फार्म भरवाने का होमवर्क दिया जाएगा।
इस संबंध में जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य को पत्र भेजा है।
एडीएम एफआर सौरभ भट्ट ने बताया कि जिले में रहने वाले प्रत्येक परिवार द्वारा स्वगणना का फार्म भरा जाए, इसके लिए उनको जागरूक किया जा रहा है। सभी संगठनों की मदद ली जा रही है, उनके साथ बैठकें भी की जा रही हैं।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ शनिवार को बैठक की जाएगी। इसके अलावा सभी स्कूलों को पत्र जारी कर उनके यहां पढ़ रहे विद्यार्थियों के हाेमवर्क में स्वगणना का फार्म भरवाने का असाइनमेंट शामिल करने के लिए कहा गया है, उम्मीद है कि इसका बेहतर परिणाम मिलेगा।
पहले दिन 5,234 ने भरे स्वगणना के फॉर्म
जिले में बृहस्पतिवार को पहले दिन 5,234 लोगों ने स्वगणना के फार्म भरे हैं। देश में पहली बार जनगणना डिजिटल मोड में हो रही है, आनलाइन माध्यम से 21 मई तक स्वगणना के फार्म भरे जाएंगे। 22 मई से प्रगणक घर-घर जाकर मकानों के सूचीकरण का कार्य करेंगे। स्वगणना के फार्म भरने के बार एक आइडी नंबर मिल रहा है, उस नंबर को मकानों के सूचीकरण के वक्त प्रगणक को बताना होगा, जिससे कि प्रगणक द्वारा फार्म का सत्यापन किया जा सके।