ख़बरों की ख़बर

यूपी शीतलहर में कांपा, ठंड से अभी राहत नहीं, पारा लुढ़कने से सर्दी का सितम


यूपी शीतलहर में कांपा ठंड से अभी राहत नहीं, पारा लुढ़कने से सर्दी का सितम

पारा लुढ़कने से सर्दी का सितम, घने कोहरे ने रफ्तार पर लगाया ब्रेक

लखनऊ:- नए साल के पहले दिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान लुढ़कने से लोग दिन भर सर्दी से ठिठुरते रहे। अगले चार-पांच दिन प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के साथ हल्की हवा और नमी के चलते अब घने कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा। पारे में गिरावट के साथ ठिठुरन भरी ठंड दिन में भी धूप नहीं निकलने देगी। पश्चिमी यूपी में शीतलहर का प्रकोप गहरा सकता है। सुबह व रात में कहीं बहुत घना और कहीं घना कोहरा रहेगा। इस कोहरे की वजह से दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम रहेगी। बीते 24 घंटों के दौरान यानि रविवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में पूरे दिन धूप नहीं निकली। लखनऊ और आसपास भी मौसम का यही हाल रहा।

बरेली, मुरादाबाद, झांसी व कानपुर में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। शनिवार की रात झांसी व मथुरा में पारा सामान्य से दो डिग्री कम दर्ज हुआ। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पिछले तीन दिनों से था। रविवार को बर्फीली हवा मैदानी इलाके में प्रवेश कर गई। इसका असर यह रहा कि सुबह से कड़ाके की ठंड शुरू हुई तो पूरे दिन इसका असर दिखा। दोपहर डेढ़ बजे के करीब आसमान में कुछ देर के लिए सूरज के दर्शन हुए, लेकिन फिर बादल छा गए। दिन और रात के तापमान में भी अंतर कम हुआ। रविवार को हमीरपुर में दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री कम यानि 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हरदोई में भी दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री कम यानि 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शाहजहांपुर में सामान्य से पांच डिग्री कम यानि 15 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान रहा। लखनऊ में यह सामान्य तीन डिग्री कम यानि 18 डिग्री सेल्सियस रहा। • शनिवार की रात झांसी में पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा, यह सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मथुरा-वृंदावन में भी शनिवार की रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम यानि 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

अचानक पारा लुढ़क जाने से बढ़ी गलन:

यूपी के कई हिस्सों में अचानक पारा लुढ़क गया और गलन बढ़ गई। अयोध्या में अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा जो सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। सीतापुर में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गोण्डा में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 14 डिग्री दर्ज किया गया। बलरामपुर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया। श्रावस्ती, अम्बेडकरनगर, रायबरेली और अमेठी में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। सुलतानपुर में अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहा।

आदरणीय शिक्षकगण आप हमारे Whatsapp Group एवं टेलीग्राम से जुड़ सकते है!     https://chat.whatsapp.com/IRUs0CxSY0d7zubM2XU1C9 टेलीग्राम:https://t.me/nipunbharat


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button