बर्खास्त शिक्षक पर धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा

बर्खास्त शिक्षक पर धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा
जमुनहा (श्रवस्ती) कूटरचित दस्तावेज के सहारे जमुनहा ब्लाक के उच्च्च प्राथमिक विद्यालय हरवंशपुर में नौकरी करने वाले बर्खास्त शिक्षक के विरुद्ध हरदत्तनगर गिरंट थाने में धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। शिक्षा विभाग की जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद जमुनहा बीईओ ने मामला दर्ज कराया है।
फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज क्षेत्र के बूढ़ा गांव निवासी फौरन सिंह की वर्ष 2016 में गणित व विज्ञान शिक्षक भर्ती के तहत सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया था। इनकी तैनाती जमुनहा ब्लाक
के उच्च प्राथमिक विद्यालय बहोरवा में हुई थी। इसके बाद इन्हें 23 जुलाई वर्ष 2019 को उच्च प्राथमिक विद्यालय हरवंशपुर में तैनात किया गया था। 28 मई 2024 को फर्जी शिक्षकों की विभाग की ओर से जांच शुरू की गई थी। इसमें पाया गया था कि फौरन सिंह ने आनलाइन आवेदन में छेड़छाड़ कर स्नातक के कूटरचित व फर्जी अंकपत्र बनाकर नौकरी में प्रयोग किया था। इस पर बीएसए की ओर से 17 जून 2025 को इन्हें बर्खास्त कर मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए गए थे। थानाध्यक्ष सौरभसिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।