मौसम: पहाड़ बर्फ से लदे, ठंड और बढ़ेगी

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट

लखनऊ:-जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश पहाड़ बर्फ से लकदक हो गए हैं। इससे मैदानी इलाकों में चल रही बर्फीली हवा ने ठंड का प्रकोप फिर बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट आने आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में प्रशासन ने शनिवार को कुपवाड़ा, बांदीपोरा, बारामुला, डोडा, गांदरबल, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और रियासी, अनंतनाग, कुलगाम और राजौरी जिलों में 2,000 मीटर से ऊपर बर्फबारी होने की संभावना है। पर्यटकों के साथ ही इन क्षेत्रों के लोगों को सावधानी बरतने और बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

यूपी में कल से शीतलहर

मौसम विभाग ने सोमवार से पश्चिमी यूपी में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। अगले तीन दिन प्रदेश के कई अंचलों में सुबह व रात में कहीं बहुत घना तो कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। कुछेक स्थानों पर दिन में धूप नहीं निकलेगी। शुक्रवार की रात सबसे ठण्डा स्थान इटावा रहा जहां पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में कंपकंपी

दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में शीतलहर जारी है।

लखनऊ में अगले चार दिन भीषण ठंड का अलर्ट

लखनऊ। दो दिन की राहत के बाद लखनऊ में रात से ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई। तेज बर्फीली हवाओं के चलते न्यूनतम पारे में तेजी से गिरावट आई। मौसम विभाग ने अगले चार दिन के लिए लखनऊ समेत पूरा राज्य को कंपाने वाली शीतलहर और ठंड का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक रात का पारा छह और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाएं गलन का अहसास कराएंगी। पिछले माह अफगानिस्तान के ऊपर तैयार पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर, उत्तराखण्ड होते पूर्व की ओर निकल गया है। पश्चिमी विक्षोभ की गैर मौजूदगी में अब पहाड़ों की तरफ से उत्तर-पश्चिमी हवाएं यूपी में दाखिल होने लगी हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी से ये हवाएं बेहद ठण्डी होंगी। इससे पूरे राज्य का तापमान गिरेगा। चार-पांच दिन कड़ाके की ठण्ड रहेगी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार आने वाले दो तीन दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री तक नीचे गिर सकता है। 16 से 18 जनवरी के बीच एक बार फिर ‘कोल्ड डे’ यानी सर्द दिन की स्थिति बनने की संभावना है। शनिवार को दक्षिण पूर्वी हवा कमजोर होने के साथ पछुआ ने गति पकड़ ली। शाम तक इसकी रफ्तार 11 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक 19-20 जनवरी से फिर कड़ाके की ठण्ड से मामूली राहत होगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर जोरदार बर्फबारी हो रही थी। इस दौरान पूरे राज्य में कड़ाके की ठण्ड थी। दो दिन पहले जब पश्चिमी विक्षोभ ने पूर्व का रुख किया तो उसका असर भी यूपी पर दिखा।

लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबांदी के बाद ठण्ड से राहत भी मिली। मौसम में बदलाव रविवार रात से शुरू हो जाएगा। रविवार को दिन में ठण्ड से राहत रहेगी। दिन का पारा 21 डिग्री रहने की संभावना है। रात का तापमान छह डिग्री रहने की संभावना है। ठण्ड का यह दौर 18 जनवरी तक बरकरार रहेगा। मो. दानिश ने बताया कि रातें ज्यादा ठण्डी होंगी। सोलह से 18 जनवरी तक दिन में खासी ठण्ड रहेगी। दिन में तापमान 17-18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है

इस साल पहली बार सुबह से शाम तक पूरी तरह दिखा सूर्य

शनिवार को इस साल पहली बार सुबह से शाम तक सूर्य की किरणें धरती तक पहुंची। इसके पहले सूर्य निकला, लेकिन कोहरा पूरी तरह नहीं छंटने से गर्माहट नहीं आ सकी। बीते शुक्रवार-शनिवार को तापमान बढ़ने की वजह पश्चिमी विक्षोभ का अगला हिस्सा था, जो वार्म फ्रंट कहलाता है। इसके प्रभाव से सतही हवाओं का रुख बदलकर दक्षिण पूर्वी हो गया था। इससे कोहरा कम हुआ और सूर्य की किरणें पूरी तरह धरती तक पहुंची।

अगले छह दिन ऐसा होगा तापमान का उतार-चढ़ाव

दिन न्यूनतम अधिकतम पूर्वानुमान

15 जनवरी 6 21 मध्यम धुंध

16 जनवरी 5 17 घना कोहरा एवं धुंध, शीतलहर

17 जनवरी 5 17 घना कोहरा एवं धुंध, शीतलहर

18 जनवरी 6 18 घना कोहरा एवं धुंध, शीतलहर

19 जनवरी 7 20 धुंध एवं कोहरा

20 जनवरी 8 22 धुंध एवं कोहरा

अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस

आदरणीय शिक्षकगण आप हमारे Whatsapp Group एवं टेलीग्राम से जुड़ सकते है!     https://chat.whatsapp.com/IRUs0CxSY0d7zubM2XU1C9 टेलीग्राम:https://t.me/nipunbharat


Leave a Reply