Site icon बेसिक शिक्षा विभाग समाचार

एडेड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती में दोबारा जचेंगी 2.75 लाख कॉपियां


जांच में पाई गईं बड़ी गड़बड़ियां,रिजल्ट होगा संशोधित,1894 पदों पर होनी है भर्ती

लखनऊ:- यूपी के एडेड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती-2021 का संशोधित रिजल्ट जारी किया जाएगा। इस भर्ती में शामिल लगभग 2.75 लाख अभ्यर्थियों की कॉपियां दोबारा जांची जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव दीपक कुमार ने परीक्षा नियामक प्राधिकारी को रिजल्ट के पुर्नमूल्यांकन करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया से 1894 रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है।

571 में से 132 शिकायतें सही

इस भर्ती प्रक्रिया में लगभग 2.75 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। इस भर्ती प्रक्रिया के परिणामों को लेकर विवाद लगातार हो रहा था। लगभग पांच दर्जन याचिकाएं हाईकोर्ट में भी दायर की गई थी। परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव से लेकर शासन तक अभ्यर्थी प्रत्यावेदन दे रहे थे कि उन्हें सही अंक नहीं मिले हैं, ओएमआर शीट के मूल्यांकन में गड़बड़ी की गई। इसमें आए प्रत्यावेदनों के निपटारे के लिए शासन ने अप्रैल, 2022 में एक चार सदस्यीय कमेटी बना कर जांच के आदेश दिए थे। जांच में 571 शिकायतों में से 132 शिकायतों को सही पाया गया।दीपक कुमार ने परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव को आंतरिक कमेटी बना कर पूरे परीक्षा परिणाम का पुर्नमूल्यांकन कर संशोधित रिजल्ट जारी करने के निर्देश दिए हैं। अब परीक्षा नियामक प्राधिकारी पुर्नमूल्यांकन के लिए नई एजेंसी की मदद लेगी और सभी ओएमआर शीट दोबारा जांची जाएंगी। इस पूरे काम में एक महीने का समय लगना निश्चित है।राज्य सरकार ने पहली बार एडेड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा से भर्ती करने की प्रकिया शुरू की थी। इसके लिए आवेदन मार्च 2021 में लिए गए थे जबकि इसके लिए लिखित परीक्षा सितम्बर 2021 में हुई थी। परिणाम 15 नवंबर 2021 को जारी हुआ था। 1504 सहायक अध्यापक व 390 प्रधानाध्यापकों के पदों पर भर्ती चल रही है।


Exit mobile version