चलती बस पर गिरा पेड़, चार महिलाओं व चालक की मौत

चलती बस पर गिरा पेड़, चार महिलाओं व चालक की मौत
बाराबंकी में हादसा : मरने वालों में दो एडीओ, एक शिक्षिका भी, 18 घायल
बाराबंकी। बारिश के दौरान रोडवेज की अनुबंधित बस पर पेड़ गिरने से चालक और बस में सवार चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। 18 लोग घायल हो गए। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हैदरगढ़ मार्ग पर जिला मुख्यालय से नौ किलो मीटर दूर हरख गांव के पास हुआ। बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही बस में 59 यात्री सवार थे।
बस अड्डे से चली बस में शुक्रवार को बारिश के चलते ऑफिस जाने वाले कई लोग सवार थे। रास्ते में अचानक गूलर का पेड़ गिरने से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री दब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने राहत कार्य शुरू किया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि पेड़ काटकर मृतकों व घायलों को बाहर निकाला गया। कई लोग बस की खिड़की से कूदकर निकले। घायलों को इलाज के लिए पीएचसी और सीएचसी ले जाया गया।
सीएम ने जताया दुख, पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता :
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता व घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं।
हादसे में इनकी गई जान:
हादसे में हरख ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी (श्रम) मीना श्रीवास्तव (55), हरख ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी (सांख्यिकी) जूही सक्सेना (28), सिद्धौर ब्लॉक के कादीपुर मंसारा विद्यालय में प्रधानाध्यापक शिक्षा मेहरोत्रा (53) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों बस से दफ्तर के लिए जा रहीं थीं। इसके अलावा देवा में सूफी संत की मजार पर चादर चढ़ाकर लौट रहीं अमेठी के इन्हौना निवासी रफीकुन निशां (50) और बाराबंकी के रामसनेहीघाट निवासी बस चालक संतोष कुमार (32) ने भी दम तोड़ दिया। किसी के बुढ़ापे की लाठी टूटी, कोई हुआ अनाथ :