UP में 2270 शिक्षकों की भर्ती का बड़ा ऐलान, डिग्री कॉलेजों में जल्द शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया, पढ़ें पूरी डिटेल
UP में 2270 शिक्षकों की भर्ती का बड़ा ऐलान, डिग्री कॉलेजों में जल्द शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया, पढ़ें पूरी डिटेल
जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर प्रदेश के राजकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी जल्द दूर की जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशक डा. बीएल शर्मा ने रविवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश के डिग्री कालेजों में कुल 2270 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इनमें से 1253 पद राजकीय महाविद्यालयों के हैं, जिनके लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग पहले ही विज्ञापन जारी कर चुका है। वहीं 1017 पद सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में भरे जाएंगे, जिनके लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
डा. शर्मा ने बताया कि सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में रिक्त पदों का डाटा जुटाने के लिए ई-अधियाचन पोर्टल सक्रिय कर दिया गया है। इसके माध्यम से कालेजों से खाली पदों की जानकारी लेकर पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्यरत शिक्षकों के लिए आनलाइन ट्रांसफर व्यवस्था लागू की जा रही है। इसमें प्राचार्यों और प्रबंधकों को निर्धारित समय में एनओसी देना अनिवार्य होगा। स्थानांतरण के लिए शिक्षक को कम से कम तीन वर्ष की सेवा पूरी करनी होगी और पूरी सेवा अवधि में एक बार ट्रांसफर का अवसर मिलेगा।
उच्च शिक्षा निदेशक ने बताया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए पिछले वर्ष 46 नए राजकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। साथ ही ‘यूपी प्रमाण पोर्टल’ के माध्यम से 42 मानकों के आधार पर राजकीय व सहायता प्राप्त कालेजों की रैंकिंग की जाएगी। टाप-10 कालेजों को शासन की ओर से दो करोड़ रुपये की विशेष ग्रांट दी जाएगी। रैंकिंग से पिछड़ने वाले कॉलेजों को भी अपने मूल्यांकन और सुविधाओं में सुधार करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।