UPSC/UPPSC/UPSSSC

सात साल बाद एलटी ग्रेड शिक्षक के 7466 पदों पर की जाएगी भर्ती


नई भर्ती के लिए 28 जुलाई से आवेदन, 2018 में पिछली भर्ती का आया था विज्ञापन

प्रयागराज। सात वर्ष के लंबे इंतजार के बाद राजकीय विद्यालयों में एलटी ग्रेड शिक्षक (सहायक अध्यापक) के 7466 पदों पर भर्ती के लिए 28 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले 10768 पदों के लिए पिछली भर्ती का विज्ञापन मार्च, 2018 में आया था।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के सचिव अशोक कुमार के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने एवं ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की अंतिम तिथि 28 अगस्त है। आवेदन में सुधार/संशोधन और शुल्क समाधान की अंतिम तिथि चार सितंबर तय की गई है। पंद्रह विषयों में एलटी ग्रेड शिक्षक के 7466 पदों में पुरुष वर्ग के 4860, महिला वर्ग के 2525 और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत 81 पद शामिल हैं। पदों की संख्या घट-बढ़ सकती है। चयन के लिए अभ्यर्थियों को एक जुलाई 2025 को 21 वर्ष की आयु पूरी करनी चाहिए।  और उन्हें 40 वर्ष से अधिक आयु का नहीं होना चाहिए। यानी उनका जन्म दो जुलाई 1985 से पूर्व और एक जुलाई 2004 के बाद का नहीं होना चाहिए।

फंसा था विषयवार आरक्षण का पेच

अब दूर हुई बाधा तो आई भर्तियां एलटी ग्रेड शिक्षक के पदों पर नई भर्ती शुरू करने में समकक्ष अर्हता व आरक्षण का पेच फंसा था। अर्हता संबंधी नई नियमावली जारी होने के बाद उसमें से समकक्ष शब्द को हटा दिया गया। ऐसे में अर्हता का विवाद तो दूर हो गया, लेकिन विषयवार आरक्षण निर्धारित न होने के कारण आयोग ने पूर्व में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से भेजा गया अधियाचन वापस कर दिया था। निदेशालय की ओर से विषयवार आरक्षण का निर्धारण करने के बाद दोबारा अभिवाचन भेजे जाने पर आयोग ने अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है।

आयोग की सलाह… अभ्यर्थी वन टाइम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर लें

आयोग के सचिव ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि ओटीआर आधारित आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। बिना ओटीआर नंबर के आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। परीक्षा का विस्तृत विज्ञापन 28 जुलाई से आयोग की वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध रहेगा। इसमें ऑनलाइन आवेदन करने व शुल्क जमा करने की प्रक्रिया, परीक्षा योजना एवं पाठ्यक्रम, जाति प्रमाणपत्रों का प्रोफॉर्मा, आरक्षण व आयु में छूट के संबंध में निधर्धारित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश उपलब्ध रहेंगे

पहली बार प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा

एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती पहली बार प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के माध्यम से होगी। वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय प्रश्न की प्रारंभिक परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होगी। इसके बाद मुख्य परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button